|

झाबुआ में 50 वर्षीय व्यक्ति की नदी में डूबने से मौत: कालीदेवी से 5 किमी दूर मिला शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

झाबुआ। कालीदेवी थाना क्षेत्र में रविवार को हादसा हो गया। सुनार नदी में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रूपसिंह पिता पेमला भूरिया के रूप में हुई है। हादसा कालीदेवी से 5 किलोमीटर दूर हुआ। यह छापरी-हात्यादेहली मार्ग का मामला है। जानकारी के मुताबिक रूपसिंह रविवार सुबह घर से निकले थे।

इसके बाद वे सुनार नदी तक कैसे पहुंचे, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। नदी में शव पड़ा देखकर राहगीरों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

पुलिस ने शव बाहर निकाला
कालीदेवी पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 112 की एफआरवी-4 टीम भी पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कालीदेवी स्वास्थ्य केंद्र, रामा भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में मौत डूबने से होना सामने आया है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

 

 

Share