दक्षिणी लेबनान पर इजराइल का बड़ा हमला, 15 की मौत; 12 गांव खाली करने की चेतावनी
इजराइल और लेबनान के बीच तनाव एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। दक्षिणी लेबनान पर इजराइल के ताजा हवाई हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के 12 गांवों को तत्काल खाली करने का आदेश भी जारी किया है।
हालांकि 16 अप्रैल को दोनों देशों के बीच सीजफायर (युद्धविराम) लागू हुआ था, लेकिन इसके बावजूद हिजबुल्लाह और इजराइल के बीच संघर्ष थमता नजर नहीं आ रहा। कुछ अपुष्ट मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 19 तक बताई जा रही है।
कई गांवों पर हवाई हमले, महिलाओं और बच्चों की मौत
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कफर सिर इलाके में इजराइली हमले में चार लोगों की मौत हुई, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान सफिया बद्र अल-दीन, अली नाजिह कामिहा, नाजिहा कामिहा और अहमद अल-सब्लिनी के रूप में हुई है।
वहीं देइर कानन अल-नहर क्षेत्र में इजराइल ने टाउन हॉल के पास स्थित एक घर को निशाना बनाया, जहां सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, मलबे में दबे तीन लोगों की तलाश अभी जारी है।
ड्रोन हमलों में भी मौतें
हारौफ (नबातीह) में हुए इजराइली ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं फ्रौन (बिंत जुबैल) क्षेत्र में भी एक व्यक्ति मारा गया। इसके अलावा एक अन्य ड्रोन हमले में मोटरसाइकिल सवार की मौत की खबर है।
नबातीह क्षेत्र में हुए एक और हमले में कम से कम एक व्यक्ति की जान गई है।
12 गांवों को खाली करने का आदेश
इजराइल ने दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी के 12 गांवों को तत्काल खाली करने की चेतावनी दी है। इनमें नबातीह ताहता जैसे अहम गांव भी शामिल हैं। इससे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
सात लोगों को अगवा करने का आरोप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कफर हम्माम और कफर शुबा इलाके से इजराइली सैनिकों ने सात लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें चार सीरियाई मजदूर भी शामिल थे। बाद में चार लोगों को रिहा कर दिया गया, जबकि तीन नागरिक अब भी हिरासत में बताए जा रहे हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच यह हमला क्षेत्रीय सुरक्षा और शांति के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है।






