| | |

इंदौर में व्यापारी और भतीजे को बनाया बंधक: डेढ़ लाख के लिए की मारपीट; जान से मारने की धमकी दी

इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में व्यापारी और उसके भतीजे को ऑफिस में बंधक बनाकर मारपीट की गई। आरोप है कि बस दिखाने के बहाने व्यापारी को कलश चौराहे स्थित ऑफिस बुलाया गया।

वहां दरवाजा बंद कर दोनों के साथ मारपीट की गई और उधारी के डेढ़ लाख रुपए नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी गई।

परदेशीपुरा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी चीकू यादव उर्फ नेता और उसके साथियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बस दिखाने के बहाने बुलाया था ऑफिस
पुलिस के अनुसार, ग्राम पपलदा, कम्पेल-खुड़ैल निवासी अशोक पटेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अशोक ने बताया कि 20 अगस्त की दोपहर 2 बजे आरोपी चीकू यादव उर्फ नेता ने उन्हें फोन किया और बस दिखाने की बात कहकर कलश चौराहे स्थित अपने ऑफिस बुलाया। अशोक अपने भतीजे करण पटेल के साथ ऑफिस पहुंचे। आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया और दोनों को बंधक बना लिया।

 

झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अशोक और करण के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोपी ने पुरानी उधारी का हवाला देते हुए डेढ़ लाख रुपए की मांग की।  चीकू यादव ने दो घंटे के भीतर रुपए नहीं देने पर करण को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। साथ ही अगले दिन तक रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

आरोपियों की तलाश में दबिश
पीड़ित की शिकायत के आधार पर परदेशीपुरा थाना पुलिस ने आरोपी चीकू यादव उर्फ नेता और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, मामले में शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share