| | |

इंदौर: तेज रफ्तार कार चाय की गुमटी में घुसी, दो बाइक भी चपेट में; चालक फरार

इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। स्कीम नंबर-78 स्थित टेलीपरफॉर्मेंस कार्यालय के बाहर एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी चाय की गुमटी में जा घुसी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद चालक ने कार को रिवर्स निकालने की कोशिश की। इस दौरान पास में खड़ी दो बाइक उसकी चपेट में आ गईं। कार लोगों की ओर भी बढ़ी, जिससे वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में था। उन्होंने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह कार लेकर मौके से भागने में सफल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर कार और चालक की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share