रीवा के संजय गांधी अस्पताल में महिला के शरीर में पड़े कीड़े: परिजन बोले- डॉक्टरों की लापरवाही से हुआ; 5 दिन पहले भर्ती किया था

रीवा। संजय गांधी अस्पताल में भर्ती एक महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के पांच दिन बाद उनके शरीर में कीड़े पड़ने गए। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि अस्पताल में भर्ती कराए जाने के समय मरीज की हालत ठीक थी, लेकिन पांच दिन बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सतना निवासी अर्चना गुप्ता का 30 तारीख को स्कूटी से एक्सीडेंट हुआ था। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिजन बोले- अच्छे इलाज के लिए दूसरे अस्पताल जाना चाहते थे
परिजनों का आरोप है कि मरीज के इलाज और देखरेख में लापरवाही बरती गई। इसी वजह से उनके शरीर में कीड़े पड़ने जैसी गंभीर स्थिति सामने आई। परिजन अर्चना को बेहतर इलाज के लिए किसी दूसरे अस्पताल में ले जाना चाहते थे, लेकिन उनका दावा है कि डॉक्टरों ने उन्हें रेफर नहीं किया।
परिजनों के मुताबिक, मरीज की हालत बिगड़ने के बाद उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों से उसे दूसरे अस्पताल में ले जाने की मांग की थी। हालांकि, रेफर नहीं किए जाने से परिजन नाराज हो गए।

ICU में वीडियो बनाने पहुंचे तो मोबाइल जब्त करने का आरोप
जब परिजन मरीज की हालत का वीडियो बनाने पहुंचे तो आईसीयू में डॉक्टर ने उनका मोबाइल फोन छिन लिया। अर्चना गुप्ता संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू नंबर-2 में भर्ती बताई जा रही हैं।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मरीज की बेटी नैंसी गुप्ता ने डॉक्टरों पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।