इंदौर में थमा बारिश का दौर, 19 जुलाई से फिर सक्रिय हो सकता है मानसून सिस्टम
इंदौर में बारिश का सिलसिला जुलाई के महीने में थम गया है। तापमान बढ़ने के कारण पिछले एक सप्ताह से बारिश नहीं हो रही है। बारिश न होने के कारण लोग परेशान हो रहे है। अब तक करीब 13 इंच ही बारिश हुई है, और अगले 3 दिन बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 जुलाई से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से शहर और आसपास के क्षेत्रों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
बादल दिखे लेकिन बारिश नहीं हुई
इस बार जुलाई की शुरुआत जोरदार बारिश के साथ हुई थी। 1 जुलाई को शहर में करीब ढाई इंच बारिश दर्ज की गई, जो इस सीजन की सबसे अधिक एक दिन की बारिश रही। इसके बाद लगभग एक सप्ताह तक लगातार बारिश होती रही। आखिरी बार 7 जुलाई को आधा इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसके बाद कई दिनों तक बादल छाए रहे और बारिश के आसार बने, लेकिन बारिश नहीं हुई।
19 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। जिसके असर से प्रदेश में तेज बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी से भी नया सिस्टम बन रहा है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी एक्टिव है।
मौसम की जानकारी एक्सपर्ट्स के साथ
मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि फिलहाल प्रदेश स्तर पर मानसून की स्थिति संतोषजनक दिखाई देती है, लेकिन पूर्वी हिस्से में बारिश की कमी से कृषि और जल संसाधनों के लिए चिंता का विषय है। आगामी निम्न दाब प्रणाली की दिशा और तीव्रता तय करेगी कि प्रदेश में मानसून कितनी तेजी से पुनः सक्रिय होता है। यदि मौसम प्रणालियां अनुकूल रहीं, तो जुलाई के दूसरे पखवाड़े में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा का अच्छा दौर देखने को मिल सकता है।