| | |

इंदौर कलेक्टर से मिले सराफा व्यापारी: सौंपा ज्ञापन; गिरवी सोना-चांदी छुड़ाने को लेकर बढ़ रहे विवाद

इंदौर। सराफा व्यापारियों ने कलेक्टर से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि सोना-चांदी के बढ़ते दामों के बाद गिरवी रखे आभूषणों को छुड़ाने को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है।

सराफा कारोबारियों के अनुसार, बाजार में वर्षों से ग्राहकों के सोना-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर उन्हें रकम देने का काम किया जाता है।

कई ग्राहक लंबे समय तक न तो मूल रकम लौटाते हैं और न ही ब्याज का भुगतान करते हैं। दाम बढ़ने के बाद कुछ ग्राहक बिना पूरा ब्याज चुकाए आभूषण वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।

शिकायतों के बाद कारोबारियों पर बनता है दबाव
व्यापारियों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर ग्राहकों और सराफा कारोबारियों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है। शिकायतें होने पर कई बार कारोबारियों पर भी दबाव बनाया जाता है।


बैंकों और निजी वित्तीय संस्थाओं के नियम अलग
सराफा एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष अजय लाहोटी ने बताया कि बैंकों और निजी वित्तीय संस्थाओं के गोल्ड लोन के नियम अलग हैं, जबकि सराफा कारोबारियों को अलग तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से व्यापारियों ने प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट समाधान और सहयोग की मांग की है।

पहले पुलिस कमिश्नर और विधायक से भी मिले
इससे पहले सराफा व्यापारी अपनी समस्या को लेकर पुलिस कमिश्नर और स्थानीय विधायक से भी मुलाकात कर चुके हैं। अब उन्होंने कलेक्टर के सामने भी अपनी बात रखी है। व्यापारियों का कहना है कि यदि प्रशासन स्तर पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

Share