|

स्वास्थ्य क्षेत्र में इंदौर की बड़ी उपलब्धि — क्लब फुट मुक्त जिला घोषित, राज्य स्तर से मिली सराहना

इंदौर, 29 अक्टूबर 2025 — स्वास्थ्य के क्षेत्र में इंदौर जिले ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इंदौर को ‘क्लब फुट मुक्त जिला’ घोषित किया गया है, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह घोषणा जिले में 31 मार्च 2025 तक 02 से 18 वर्ष की आयु के क्लबफुट से ग्रसित बच्चों की पूर्ण सर्जरी और उपचार के सफल संचालन के बाद की गई।

राज्य स्तर पर इस उपलब्धि की व्यापक सराहना की गई है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण ग्राम स्तर के आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों में मोबाइल हेल्थ टीम द्वारा किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में 4-डीजन्मजात विकृति, बाल्यावस्था रोग, कमियां और विकासात्मक विलंब सहित विकास में देरी — की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।

राज्य शासन का एक प्रमुख लक्ष्य पूरा प्रदेश क्लब फुट मुक्त बनाना है। इस दिशा में इंदौर ने अग्रणी भूमिका निभाई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना ने इस सफलता पर कहा —

“यह उपलब्धि कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता और चिकित्सा टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। क्लब फुट जैसे जन्मजात दोष का समय पर उपचार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है। इंदौर का यह प्रयास अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत है और राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत बनाने में योगदान देगा।”

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी के नेतृत्व में जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (DEIC), जिला चिकित्सालय इंदौर परिसर में प्रत्येक मंगलवार को क्लब फुट से ग्रसित बच्चों के लिए नि:शुल्क ओ.पी.डी. संचालित की जाती है, जहां पोंसेटी पद्धति से उपचार प्रदान किया जा रहा है।

इंदौर का यह प्रयास बच्चों के जीवन में नई आशा का संचार कर रहा है, और यह स्वास्थ्य सेवाओं में जिले की उत्कृष्टता को और सुदृढ़ बनाता है।

Share

Similar Posts