|

इंदौर में 1.30 लाख की ब्राउन शुगर जब्त: पुलिस की घेराबंदी में फंसा शातिर तस्कर; हत्या-डकैती समेत 9 से ज्यादा केस दर्ज

इंदौर। हीरानगर थाना पुलिस ने 10.28 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.30 लाख रुपए बताई जा रही है।

आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 9 से ज्यादा गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया
पुलिस के मुताबिक, हीरानगर थाना पुलिस बीमा अस्पताल के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। तभी खाली मैदान में एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

एडिशनल डीसीपी ने क्या कहा
डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हीरानगर पुलिस ने आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर नशा सप्लाई करने वाले नेटवर्क तथा उससे जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

तलाशी में मिली ब्राउन शुगर
तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से पारदर्शी पॉलीथिन में रखा 10.28 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी अनिकेत उर्फ छोटू पिता प्रेमराज बरबेले, निवासी कैलाश का भट्टा, अंजनी नगर को गिरफ्तार कर लिया।

कई थानों में दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और वारदातों के दौरान कई बार अपनी असली पहचान छिपाता था।उसके खिलाफ हीरानगर, लसूड़िया, पलासिया, परदेशीपुरा और विजय नगर थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 9 से अधिक मामले दर्ज हैं।

ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब उसे रिमांड पर लेकर यह पता लगाया जा रहा है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और शहर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक भी खंगाल रही है।

Share