11 वर्षों में देश के स्वास्थ्य सेवा परिदृश्य में बड़ा बदलाव: अनुप्रिया पटेल

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के स्वास्थ्य सेवा परिदृश्य में बड़ा परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य प्रणालियों से लेकर सभी स्तरों की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
श्रीमती पटेल ने यह बात कल नई दिल्ली में वर्धमान महावीर चिकित्सा महाविद्यालय और सफदरजंग अस्पताल के सातवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जरूरतमंद और गरीब वर्ग को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत 62 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं, जो विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना और अमृत फार्मेसी जैसी योजनाओं के माध्यम से किफायती दरों पर दवाएं और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही देश में चिकित्सा शिक्षा का भी तेजी से विस्तार हुआ है।
अनुप्रिया पटेल ने बताया कि देश में चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या 387 से बढ़कर 800 से अधिक हो गई है। एमबीबीएस सीटें 51 हजार से बढ़कर 1.28 लाख और स्नातकोत्तर सीटें 31 हजार से बढ़कर लगभग 82 हजार हो गई हैं। साथ ही देशभर में 1.78 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर कार्यरत हैं, जो व्यापक स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।






