ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर युवक की भीड़ ने की पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद GRP जांच शुरू
मध्य प्रदेश के ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर चोरी के आरोप में एक युवक की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना 29 जून को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है।
जानकारी के अनुसार, एक महिला ने युवक पर सोने की बाली छीनने की कोशिश का आरोप लगाया। शोर मचाने पर यात्रियों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में आरपीएफ ने युवक को पकड़कर जीआरपी के हवाले कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद रेल पुलिस मुख्यालय ने जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में लापरवाही मिलने पर जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर चेतन कोरोलिया को लाइन अटैच कर दिया गया है। रेल एसपी अंकित जायसवाल ने बताया कि वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।