गाजियाबाद में भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी के घर में लगी आग, पेट्रोलियम पदार्थ फेंकने का आरोप

गाजियाबाद में बृहस्पतिवार देर रात भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी के घर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना शालीमार गार्डन की डीएलएफ कॉलोनी स्थित उनके आवास पर हुई। उस समय घर में मानसिंह गोस्वामी और उनका परिवार मौजूद था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि उनके घर पर पेट्रोलियम पदार्थ फेंककर आग लगाई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेज धमाके के बाद दिखीं आग की लपटें
मानसिंह गोस्वामी ने बताया कि वह रात में परिवार के साथ सो रहे थे, तभी अचानक तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। जब तक वे कमरे से बाहर निकले, घर का बाहरी हिस्सा धुएं और आग की लपटों से घिर चुका था।
परिवार ने मुख्य दरवाजे से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आग की वजह से दरवाजा नहीं खुल पाया। इसके बाद पड़ोसी के छज्जे पर कूदकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दमकल को पहुंचने में हुई परेशानी
स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि, डीएलएफ कॉलोनी की गली में खड़ी गाड़ियों के कारण दमकल वाहन सीधे घर तक नहीं पहुंच सके। राहत की बात यह रही कि आग घर के अंदर नहीं फैली और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बुझा लिया गया।
पुरानी रंजिश का शक
भाजपा नेता ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके भाई की चार-पांच लोगों से कहासुनी और हाथापाई हुई थी। उनका आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने रंजिश के चलते जानबूझकर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





