एमपी में बारिश का जोर, 15 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट; अगले 4 दिन सतर्क रहने की सलाह
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 36 घंटों से राज्य के 35 से अधिक जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को 15 जिलों के लिए भारी और अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी भोपाल में भी रात से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
शिवपुरी, गुना, सागर और डिंडौरी में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है।
भारी बारिश की चेतावनी
श्योपुर, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, नीमच, मंदसौर, उज्जैन, धार और बड़वानी में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, विदिशा, देवास, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, शहडोल सहित कई जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
बारिश से सुधरे आंकड़े
लगातार हुई बारिश का असर प्रदेश के वर्षा आंकड़ों पर भी दिखा है। एक ही दिन में बारिश की कमी 17 प्रतिशत से घटकर 14 प्रतिशत रह गई। अब तक प्रदेश में औसतन 286.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य स्थिति में 335.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी।
41 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश
राज्य के 41 जिलों में अब भी औसत से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं 14 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। इनमें भोपाल, इंदौर, देवास, सीहोर, उज्जैन, राजगढ़, हरदा और खंडवा प्रमुख हैं।
देवास सबसे आगे, आलीराजपुर सबसे पीछे
देवास इस सीजन में सबसे अधिक बारिश वाला जिला बना हुआ है, जहां अब तक करीब 18.4 इंच वर्षा दर्ज की गई है। वहीं भोपाल में 14.5 इंच और इंदौर में लगभग 14 इंच बारिश हो चुकी है। दूसरी ओर, आलीराजपुर में अब तक केवल करीब 2 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 78 प्रतिशत कम है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।