| | | |

धार में उमंग सिंघार ने बांटी गणेश प्रतिमाएं: बोले- युवाओं को मिले रोजगार; बच्चों ने स्कूल-पानी की समस्याएं भी बताईं

धार। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने बुधवार से अपने विधानसभा क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं का वितरण शुरू किया। सलकनपुर से शुरू हुई इस पहल के तहत उन्होंने दौलतपुरा, भूतिबावड़ी और सिंधकुवा पहुंचकर गणेश समितियों को प्रतिमाएं भेंट कीं।

आगामी दो दिनों में करीब एक हजार प्रतिमाओं का वितरण किया जाएगा। उमंग सिंघार पिछले 17 वर्षों से लगातार क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं का वितरण करते आ रहे हैं। इस बार भी उन्होंने धार्मिक और सामाजिक परंपरा को जारी रखते हुए समितियों को प्रतिमाएं भेंट कीं।

बच्चों ने स्कूल और पानी की समस्या बताई
दौलतपुरा में स्कूल के पास बच्चों का स्नेह देखकर सिंघार ने अपना काफिला रुकवाया और उनसे बातचीत की। बच्चों ने स्कूल भवन, पीने के पानी के लिए बोरिंग और खेल सामग्री की मांग रखी। सिंघार ने बच्चों की मांगों को तत्काल मंजूर करने की बात कही। इससे बच्चे और शिक्षक खुश नजर आए।

सलकनपुर में धर्मशाला के लिए डेढ़ लाख मंजूर
गणेश प्रतिमा वितरण की शुरुआत सलकनपुर की जाट धर्मशाला से हुई। यहां पंखे लगवाने के लिए सिंघार ने 1.50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। इसके बाद दौलतपुरा में प्रतिमाओं के वितरण की औपचारिक शुरुआत की गई।

बोले- युवाओं को रोजगार और किसानों को सही दाम मिले
सिंघार ने कहा कि उन्होंने भगवान गणेश से प्रार्थना की है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सद्बुद्धि मिले और वे प्रदेश के सर्वहारा वर्ग की चिंता करें।

उन्होंने युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान और काम, आदिवासियों को अधिकार तथा किसानों को उपज का सही दाम देने की बात कही। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, सतपाल सिंह बरनाला, परितोष सिंह राठौड़, रोहित कामदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share