देवास से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध युवक को गुजरात ATS ने पकड़ा, पांच राज्यों में कार्रवाई में 8 हिरासत में
देवास। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने मध्यप्रदेश के देवास से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना (18) के रूप में हुई है। ATS का दावा है कि वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक मॉड्यूल का सदस्य है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गुजरात ATS की टीम देवास के नाहर दरवाजा क्षेत्र स्थित गफूर बस्ती पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में टीम ने बिलाल के घर पर करीब आधे घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर देवास पुलिस की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुजरात ATS के हवाले कर दिया गया।
देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गुजरात ATS एक संदिग्ध की तलाश में देवास आई थी जिसमे देवास से युवक को गुजरात ATS को सौंप दिया गया है। मामले की आगे की जांच गुजरात ATS द्वारा की जा रही है।
गुजरात ATS के मुताबिक, खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं और गुजरात में उसका नेटवर्क खड़ा करने की साजिश रच रहे हैं। तकनीकी और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर पांच राज्यों और जिलों में एक साथ अभियान चलाया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, पाटन, नवसारी तथा मध्यप्रदेश के देवास से कुल आठ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। ATS का दावा है कि आरोपियों ने “दारुल इस्लाम गुजरात जैश-ए-मोहम्मद” नाम से एक संगठन बनाया था और उसके माध्यम से नए लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा था।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही होगी।