दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी राकेश मेहता ने किया सुसाइड: नोएडा के घर में पंखे से लटका मिला शव; सुसाइड नोट में बीमारी का जिक्र

नोएडा। दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी और 1975 बैच के IAS अधिकारी राकेश मेहता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की। उनका शव 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर-82 स्थित उनके किराए के फ्लैट में पंखे से लटका मिला।

पुलिस को घर से एक पन्ने का कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें किसी व्यक्ति को मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। नोट में मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का जिक्र किया गया है।

5 साल से नोएडा में अकेले रह रहे थे
राकेश मेहता करीब 5 साल से नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी के किराए के फ्लैट में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी और बेटा देहरादून में रहते हैं, जबकि उनकी शादीशुदा बेटी लंदन में रहती है। परिवार के लोग समय-समय पर उनसे मिलने नोएडा आते थे।

पत्नी ने शनिवार रात की थी फोन पर बात
राकेश मेहता की पत्नी ने शनिवार रात उनसे फोन पर बात की थी। रविवार दोपहर परिवार के लोगों ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद परिवार ने सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड को सूचना दी। दो गार्ड फ्लैट पर पहुंचे तो राकेश मेहता का शव पंखे से लटका मिला। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस फिलहाल उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

हाई BP और डायबिटीज समेत कई बीमारियां थीं
राकेश मेहता को हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं। उनके दाहिने हाथ और पैर में कंपन भी रहता था। पुलिस को मिले कथित सुसाइड नोट में भी बीमारी और मानसिक परेशानी का जिक्र होने की बात सामने आई है।

शीला दीक्षित के कार्यकाल में रहे चीफ सेक्रेटरी
राकेश मेहता 1975 बैच के IAS अधिकारी थे। वे 2007 में दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी बने थे और नवंबर 2010 में रिटायर हुए। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में तीन साल से ज्यादा समय तक दिल्ली के मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाली।

उनके कार्यकाल में 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स दिल्ली में हुए थे। उन्होंने दिल्ली में ट्रांसपोर्ट, बिजली और सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट की निगरानी भी की थी। वे दिल्ली नगर निगम (MCD) के कमिश्नर भी रह चुके थे।

सेंट स्टीफंस, JNU और LSE से पढ़ाई की
राकेश मेहता ने सेंट स्टीफंस कॉलेज, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) से पढ़ाई की थी। उन्होंने अर्थशास्त्र और इससे जुड़े विषयों की पढ़ाई की थी।

सोमवार को हुआ अंतिम संस्कार
राकेश मेहता का अंतिम संस्कार सोमवार को दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट में किया गया। परिवार ने फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस सुसाइड नोट, फोरेंसिक जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share