|

कोलंबिया में चुनाव से पहले खौफनाक बम धमाका: 19 की मौत, बच्चों समेत 38 घायल

दक्षिण अमेरिकी देश Colombia में राष्ट्रपति चुनाव से पहले बड़ा आतंकी हमला सामने आया है। देश के दक्षिण-पश्चिमी काउका क्षेत्र में पैन-अमेरिकन हाईवे पर हुए बम विस्फोट में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में पांच बच्चे भी शामिल हैं, जिससे इस घटना की भयावहता और बढ़ गई है।

यह धमाका काजीबियो के एल टनल इलाके में शनिवार को हुआ, जहां एक व्यस्त सड़क को निशाना बनाया गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बम सड़क के बीचों-बीच फटा, जिससे आसपास मौजूद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल और प्रशासन मौके पर पहुंचे। काउका के गवर्नर Octavio Guzmán ने बताया कि आम नागरिकों को निशाना बनाकर यह हमला किया गया है और स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा परिषद का गठन किया जा रहा है।

कोलंबिया के रक्षा मंत्री Pedro Sánchez भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने इसे आतंकी हमला मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

इस बीच, कोलंबियाई सेना के जनरल कमांडर Hugo Alejandro López Barreto ने इसे “हमलों की खतरनाक लहर” बताया है। जानकारी के मुताबिक एल टनल के अलावा एल टैम्बो, कैलोटो, पोपायान और अन्य क्षेत्रों में भी धमाकों की खबरें सामने आई हैं।

राष्ट्रपति Gustavo Petro ने इस हमले के लिए कुख्यात विद्रोही संगठन FARC के एक गुट और उसके सरगना Iván Mordisco को जिम्मेदार ठहराया है।

गौरतलब है कि Colombia में 31 मई को राष्ट्रपति चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में इस तरह के हमलों ने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और चुनावी माहौल को प्रभावित किया है।

Share

Similar Posts