जबलपुर में आज भाजपा नेताओं का जमावड़ा, प्रशिक्षण महाअभियान की बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव भाेपाल, 09 मार्च (हि.स.)। जबलपुर में आज सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगेगा। भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत संभागीय भाजपा कार्यालय रानीताल में बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के वरिष्ठ नेता, मंत्री और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यशाला में जबलपुर, रीवा, शहडोल और छिंदवाड़ा संभाग के 19 जिलों से करीब 400 विषय वक्ता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता में मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में वैचारिक सत्र, संगठनात्मक चर्चा और प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:45 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दोपहर 12:10 बजे रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे दोपहर 2:20 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 2:30 बजे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। कई मंत्री भी रहेंगे मौजूद बैठक में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल सुबह 10:30 बजे रीवा से जबलपुर पहुंचेंगे और 11 बजे प्रशिक्षण सत्र में वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वहीं परिवहन और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह सुबह 10 बजे नरसिंहपुर से जबलपुर पहुंचेंगे और कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगी। भाजपा के इस संभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यप्रणाली और नेतृत्व से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

Read More »

ईरान में अमेरिकी-इजराइली हमले में मारे गए खामेनेई के बेटे मोजतबा को चुना गया सर्वोच्च नेता तेहरान, 09 मार्च (हि.स.)। अमेरिका-इजराइल के सैन्य अभियान में 28 फरवरी को मारे गए ईरान की इस्लामिक क्रांति के लीडर और सर्वोच्च नेता दिवंगत अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी चुन लिया गया। मोजतबा इस्लामिक क्रांति के लीडर और देश के सर्वोच्च नेता होंगे। 88 सदस्यीय एक्सपर्ट्स असेंबली (मजलिस-ए-खोबरेंगान-ए-रहरी) ने मोजतबा का देश के सर्वोच्च नेता के रूप में चुनाव किया। एक्सपर्ट्स असेंबली को ईरान की सबसे ताकतवर धार्मिक विशेषज्ञ सभा भी कहा जाता है। तेहरान की अर्ध सरकारी न्यूज एजेंसी तसनीम ने आज सुबह यह जानकारी साझा की। एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की एक्सपर्ट्स असेंबली ने अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई को इस्लामिक क्रांति का नया लीडर चुना। असेंबली ने कहा कि मोजतबा के पिता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई ने 1989 में इमाम खुमैनी की मौत के बाद 37 साल तक ईरान का नेतृत्व किया। उनकी शहादत के बाद असेंबली ने मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी चुन लिया। असेंबली ने रविवार देररात जारी बयान में इस घोषणा के साथ 28 फरवरी के हमले में इमाम खामेनेई और अन्य दूसरों की शहादत पर दुख जताया। ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमले की निंदा की। बयान में कहा गया है कि इमाम खामेनेई की शहादत के तुरंत बाद और युद्ध के हालात व दुश्मनों की सीधी धमकियों के बावजूद असेंबली ने अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी पूरी करने में कोई समय बर्बाद नहीं किया और नए नेता को चुनने की प्रक्रिया शुरू की। असेंबली ने रविवार को बैठक में भारी मतों से मोजतबा खामेनेई को इस्लामिक क्रांति के तीसरे नेता के तौर पर चुना। ईरान इंटरनेशनल अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सरकारी टीवी ने सोमवार सुबह मोजतबा खामेनेई को पिता का उत्तराधिकारी चुने जाने की जानकारी दी। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद शुरू हुआ युद्ध अब एक नाटकीय मोड़ पर पहुंच गया है। मोजतबा खामेनेई को लंबे समय से इस पद का संभावित दावेदार माना जा रहा था। उल्लेखनीय है कि मोजतबा ने इससे पहले कभी भी किसी सरकारी पद के लिए चुनाव नहीं लड़ा और न ही उन्हें किसी पद पर नियुक्त किया गया। सरकारी टीवी ने अपने प्रसारण में एक बयान पढ़कर सुनाया जिसमें कहा गया कि मोजतबा को मजबूत समर्थन के आधार पर चुना गया है। देशवासियों से उनके पीछे एकजुट होने की अपील की गई। साथ ही तेहरान के सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के जश्न मनाने के दृश्य भी दिखाए गए। लगभग आधी सदी पहले हुई इस्लामी क्रांति के बाद से सर्वोच्च नेता के पद पर सत्ता का यह हस्तांतरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मोजतबा अब सेना और शक्तिशाली अर्धसैनिक संगठन रिवोल्यूशनरी गार्ड के सर्वोच्च कमांडर भी होंगे। मोजतबा खामेनेई को अमेरिका के विरोध का सामना करना पड़ेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कह चुके हैं कि खामेनेई का बेटा उन्हें स्वीकार्य नहीं है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने बयान जारी कर मोजतबा खामेनेई के समर्थन का ऐलान किया है।ईरान समर्थित लेबनानी संगठन हिजबुल्लाह ने टेलीग्राम पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें इस्लामी क्रांति का नेता बताया। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने मोजतबा खामेनेई को नए सर्वोच्च नेता के तौर पर चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस नियुक्ति से देश के लिए ताकत और सम्मान के एक नए युग की शुरुआत हुई है। पेजेशकियन ने कहा कि यह चुनाव देश की एकता को मजबूत करेगा और ईरान को उसके दुश्मनों की साजिशों का सामना करने में मदद करेगा।

Read More »