भोपाल में नकाबपोश बदमाशों का तांडव: कैफे में तलवार-डंडों से हमले के बाद पुलिस अलर्ट

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार रात नकाबपोश बदमाशों के एक गिरोह ने मिसरोद क्षेत्र स्थित एक कैफे में जमकर उत्पात मचाया। मैजिक स्पॉट कैफे में 20 से 25 हमलावर तलवार, डंडे और लोहे की रॉड लेकर घुसे और देखते ही देखते पूरे परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। यह घटना दो मिनट से भी कम समय में अंजाम दी गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज देर रात से सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। फुटेज में बदमाशों को काउंटर, शीशे, कुर्सियां, डिस्प्ले बोर्ड और कॉफी मशीन तोड़ते हुए साफ देखा जा सकता है।
कैफे कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई, जबकि मौजूद ग्राहक किसी तरह जान बचाकर बाहर भाग निकले। हमले के बाद कैफे मालिक सक्षम गिरी ने मिसरोद थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने एफआईआर में योगी, निखिल, अभिषेक सहित कई अन्य नामजद आरोपियों का उल्लेख किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान हेतु सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावरों का उद्देश्य लूटपाट नहीं था। वे सीधे कैफे में घुसे, तोड़फोड़ की और तुरंत भाग निकले। इससे पुलिस इसे पुरानी रंजिश या इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश के रूप में देख रही है। डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह ने बताया कि घटना की प्रकृति यह संकेत देती है कि यह हमला किसी व्यक्तिगत विवाद या रंजिश का परिणाम हो सकता है।
विवेक सिंह के अनुसार, एफआईआर में जिन व्यक्तियों के नाम दर्ज थे, उनमें से दो को पुलिस ने राउंड-अप कर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों संदिग्धों से पुराने विवाद और संभावित कारणों पर पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक हमले के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की जल्द पहचान की जाएगी और कठोर कार्रवाई की जाएगी।






