| |

भोजशाला मामले में आज आ सकता है बड़ा फैसला, हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी; सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील

मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला मामले में आज बड़ा फैसला आ सकता है। भोजशाला के धार्मिक स्वरूप को लेकर चल रहे लंबे विवाद पर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने सुनवाई पूरी कर ली है और तीन दिन पहले फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब शुक्रवार को इस मामले में निर्णय आने की संभावना जताई जा रही है।

हिंदू पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता Vishnu Shankar Jain ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए संकेत दिया है कि भोजशाला मामले में आज फैसला संभव है। वहीं, याचिकाकर्ताओं की ओर से वीडियो संदेश जारी कर सभी समुदायों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही प्रशासन से कानून-व्यवस्था मजबूत रखने का अनुरोध भी किया गया है।

मामले की सुनवाई मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ में न्यायमूर्ति Vijay Kumar Shukla और न्यायमूर्ति Alok Awasthi की युगलपीठ द्वारा की गई। उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर 6 अप्रैल से 12 मई 2026 तक नियमित सुनवाई चली, जिसमें कुल 24 दिनों में करीब 43 घंटे तक बहस हुई। इस दौरान हिंदू, मुस्लिम और जैन पक्षों ने अपने-अपने तर्क अदालत के समक्ष रखे।

यह विवाद साल 2022 में शुरू हुआ, जब हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से रंजना अग्निहोत्री और अन्य लोगों ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर भोजशाला को मंदिर घोषित करने और हिंदू समाज को पूर्ण पूजा अधिकार देने की मांग की थी। इसके बाद 2024 में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा भोजशाला परिसर का 98 दिनों तक वैज्ञानिक सर्वेक्षण भी कराया गया था। रिपोर्ट में मूर्तियां, शिलालेख, सिक्के और अन्य पुरातात्विक साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है।

इस मामले में कुल पांच जनहित याचिकाएं और एक अपील दायर की गई हैं। हिंदू पक्ष भोजशाला को मंदिर घोषित कर 24 घंटे पूजा की अनुमति चाहता है, जबकि मुस्लिम पक्ष इसे मस्जिद मानते हुए नमाज की अनुमति की मांग कर रहा है। वहीं जैन समाज ने भोजशाला को जैन गुरुकुल बताते हुए पूजा-अधिकार की मांग की है। स्थानीय रहवासियों की ओर से दाखिल याचिका में सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने की अपील की गई है।

फैसले को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी सतर्क नजर आ रही है। विभिन्न पक्षों ने लोगों से शांति बनाए रखने और न्यायपालिका के निर्णय का सम्मान करने की अपील की है।

Share

Similar Posts