|

भेरू घाट में बेकाबू ट्रेलर पलटा: केबिन में फंसे ड्राइवर को कांच तोड़कर बाहर निकाला; गुजरात से जा रहा था हरिद्वार

झाबुआ। पेटलावद-थांदला मार्ग पर स्थित भेरू घाट में गुरुवार दोपहर प्लास्टिक के दानों से भरा एक ट्रेलर बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में चालक ट्रेलर के केबिन में बुरी तरह फंस गया था, लेकिन रायपुरिया पुलिस और ग्रामीणों की सूझबूझ से उसकी जान बच गई।

ट्रेलर क्रमांक HR 69 E 4731 गुजरात से प्लास्टिक के दाने लेकर हरिद्वार जा रहा था। भेरू घाट के खतरनाक मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया।


डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही रायपुरिया थाने की डायल 112 / FRV-09 टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक महिपाल निनामा (आरक्षक क्रमांक 667) और पायलट दीपक मचार ने ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। चालक केबिन के अंदर फंसा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने ट्रेलर का कांच तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया
घायल चालक की पहचान संजय शर्मा, निवासी कैथल (हरियाणा) के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे तुरंत पेटलावद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

ड्राइवर ने बताई हादसे की वजह
संजय शर्मा ने बताया कि वह गुजरात से प्लास्टिक के दाने लेकर हरिद्वार जा रहा था। भेरू घाट के तीखे मोड़ पर वाहन से नियंत्रण छूट गया, जिससे ट्रेलर पलट गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि भेरू घाट का यह मोड़ पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है। पुलिस ने ट्रेलर को हटाने और यातायात सामान्य करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share