|

भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का स्लैब टूटा, आधी रात से पुल पर आवागमन बंद

बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर बड़ा हादसा टल गया, जब आधी रात करीब 12:50 बजे पुल का एक बड़ा स्लैब अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना पुल के पिलर नंबर 133 के पास हुई। उस समय पुल पर कई वाहन मौजूद थे, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के चलते सभी वाहनों को समय रहते पीछे हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और किसी भी प्रकार की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

वहीं, एसएसपी प्रमोद यादव ने बताया कि सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। अब भागलपुर से नवगछिया और सीमांचल जाने वाले लोगों को मुंगेर और सुल्तानगंज के रास्ते यात्रा करनी होगी।

उल्लेखनीय है कि विक्रमशिला सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके बंद होने से न केवल आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ सकता है।

Share

Similar Posts