बाराबंकी के हैदरगढ़ में अवसानेश्वर महादेव मंदिर से चांदी का छत्र और नकदी चोरी

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। चोर मंदिर से शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र और दान पात्र में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

बुधवार सुबह जब मंदिर के पुजारी शिवम गिरी ताला खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देख चौंक गए। मंदिर में सामान बिखरा पड़ा था, दान पात्र का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी। इसके बाद मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय गिरी को सूचना दी गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही हैदरगढ़ थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) रितेश सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर मशीन भी चोर अपने साथ ले गए हैं, जिससे चोरों ने पहचान छुपाने की कोशिश की है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस चोरी का खुलासा किया जाएगा। मंदिर से लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।

Share

Similar Posts