बड़वानी में मंदिर पदाधिकारियों का विवाद: खाटू श्याम मंदिर को बनाया सहारा, ग्रामीण पहुंचे कोतवाली; बोले- निष्पक्ष जांच हो

बड़वानी। खाटू श्याम मंदिर के विवाद को लेकर ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। मंदिर समिति के पदाधिकारी और गांव के सैकड़ों श्रद्धालु के साथ कई अन्य लोग भी पहुंचें। मंदिर के खिलाफ लगातार की जा रही झूठी शिकायतों को लेकर थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन को ज्ञापन सौंपा।
समिति ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई और मंदिर व श्रद्धालुओं की सुरक्षा की मांग की।
समिति बोली- धार्मिक गतिविधियों को बदनाम करने की कोशिश
समिति पदाधिकारियों का आरोप है कि कुछ लोग निजी विवाद के चलते मंदिर की धार्मिक गतिविधियों को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा अलग-अलग विभागों और पुलिस कार्यालयों में मंदिर के खिलाफ शिकायतें की जा रही हैं।
समिति का कहना है कि इन शिकायतों से मंदिर की छवि प्रभावित हो रही है और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।
पूजा-पाठ और भंडारे नियमित रूप से आयोजित
समिति ने बताया कि तलुन के श्री खाटू श्याम मंदिर में नियमित रूप से पूजा-पाठ, धार्मिक आयोजन और भंडारे होते हैं। समिति के अनुसार सभी आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से और धार्मिक एवं सामाजिक हित को ध्यान में रखकर किए जाते हैं।
तीन प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
समिति ने पुलिस के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। मंदिर के खिलाफ की गई शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाए। जांच में शिकायतें झूठी पाई जाती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मंदिर परिसर, समिति सदस्यों और श्रद्धालुओं को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
समिति ने कहा कि जांच के दौरान प्रशासन को मंदिर से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

थाना प्रभारी ने दिया जांच का भरोसा
ज्ञापन लेने के बाद थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने समिति को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला-पुरुष श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समिति ने लोगों से धार्मिक स्थलों को लेकर विवाद और द्वेष की भावना से बचने की अपील की है।