जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्रीराम का मनाया जन्मोत्सव, सूर्य की किरण ने किया मस्तकाभिषेक

पूरे भारत सहित उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामनवमी का पर्व शुक्रवार को बड़े उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्रीराम का प्रतीकात्मक जन्म उत्सव आयोजित किया गया।
जन्मोत्सव के दौरान आरती उतारी गई और सूर्य की किरण ने श्रीरामलला का मस्तकाभिषेक किया। इसके बाद प्रतिमा का पंचामृत से अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में श्रीराम के जन्म के साथ ही पूरे अयोध्या में पटाखों की गड़गड़ाहट से माहौल उल्लासपूर्ण बना रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे और मंदिर के मुख्य मार्ग पर संतों ने श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए। राम जन्मोत्सव पर अयोध्या में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।
रामनवमी के इस अवसर ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट किया, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का भी जीवंत दर्शन कराया।






