अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई: दो आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल, मैगजीन, कारतूस जब्त

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार देसी पिस्टल, चार मैगजीन, चार कारतूस, एक मारुति स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त हथियारों की कीमत करीब एक लाख रुपये, जबकि कार और मोबाइल की कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से दो संदिग्ध लोगों के रिजनल पार्क रोड पर वृंदावन गार्डन के सामने मौजूद होने की खबर मिली थी। दोनों कार में अवैध हथियार लेकर किसी को सप्लाई करने की तैयारी कर रहे थे। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

देसी पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखे एक बैग से चार देसी पिस्टल, चार मैगजीन और चार कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसराम श्रीवास्तव निवासी गुमास्ता नगर और सोहेल निवासी चंदननगर के रूप में हुई है।

धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बड़वानी जिले के सिकलीगरों से हथियार लाकर इंदौर में सप्लाई करने पहुंचे थे।
नेटवर्क के बाकी लोगों की तलाश जारी
फिलहाल क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। साथ ही बड़वानी से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।

आरोपियों से पूछताछ जारी
डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनकी कॉल हिस्ट्री निकालकर बाकी लोगों का पता लगाया जाएगा। एक आरोपी ड्राइवर है और दूसरा रियल स्टेट का काम करता है। इससे पहले भी इनपर मारपीट और चाकूबाजी के 26 अपराध दर्ज है।