ऑस्ट्रिया के चांसलर Christian Stocker का भारत दौरा शुरू, व्यापार और ग्रीन टेक पर फोकस

ऑस्ट्रिया के फेडरल चांसलर Christian Stocker बुधवार को अपने पहले आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे। यह दौरा भारत-ऑस्ट्रिया संबंधों को नए आर्थिक और तकनीकी स्तर पर ले जाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत और ऑस्ट्रिया के बीच लंबे समय से मजबूत और मित्रतापूर्ण संबंध रहे हैं, और यह दौरा इन्हें और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम है।
चार दिवसीय इस दौरे के दौरान चांसलर स्टॉकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें व्यापार, निवेश, ग्रीन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इनोवेशन और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जाएगा। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के नए अवसर तलाशे जाएंगे।
स्टॉकर के साथ आए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ मंत्री, सरकारी अधिकारी और बिजनेस लीडर शामिल हैं, जो इस यात्रा के मजबूत आर्थिक एजेंडे को दर्शाता है। साथ ही रिन्यूएबल एनर्जी और तकनीकी सहयोग पर भी गहन चर्चा होने की उम्मीद है।
यह दौरा 2024 में प्रधानमंत्री मोदी के ऑस्ट्रिया दौरे से बने सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाता है। दोनों देश वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे और मल्टीलेटरल फोरम में सहयोग को मजबूत करने पर सहमति बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।






