| | | |

MP में होगी नए मुख्य सचिव की नियुक्ति; अनुराग जैन बने नीति आयोग के CEO: डॉ. राजौरा समेत कई नाम चर्चा में

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उन्हें नीति आयोग का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वे पदभार संभालने की तारीख से अगले दो वर्षों तक इस पद पर कार्य करेंगे।

अनुराग जैन को 3 अक्टूबर 2024 को मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव की कमान सौंपी गई थी। 2025 में के सेवानिवृत्त होने के बाद सरकार ने एक साल का सेवा विस्तार दिया। जिसके तहत उनका कार्यकाल 30 सितंबर 2026 को समाप्त होना था।

मध्य प्रदेश सरकार को 1 अक्टूबर से नए प्रशासनिक मुखिया की तैनाती करनी थी। लेकिन अनुराग जैन की नीति आयोग में नियुक्ति के बाद अब यह चयन प्रक्रिया जुलाई में ही पूरी किए जाने की पूरी संभावना बन गई है।

नए मुख्य सचिव की होगी नियुक्ति
अनुराग जैन के केंद्र जाने के बाद मध्य प्रदेश में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। पहले यह बदलाव अक्टूबर में होना था, लेकिन अब सरकार जल्द ही नए प्रशासनिक प्रमुख के नाम पर फैसला ले सकती है।

 

डॉ. राजौरा सबसे मजबूत दावेदार
राजेश राजौरा मध्य प्रदेश के नीमच के रहने वाले हैं। वह साल 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। राज्य शासन में कृषि, गृह, उद्योग, उद्यानिकी और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

मुख्य सचिव पद के लिए  डॉ. राजौरा का नाम सबसे आगे है। वह वर्तमान में मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अफसरों में अनुराग जैन के बाद सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। वरिष्ठता और प्रशासनिक अनुभव के लिहाज से मुख्य सचिव पद के लिए उनकी दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है।

राजेश राजौरा ने पहले MBBS, फिर क्रैक किया UPSC Exam
राजौरा पेशे से एमबीबीएस डॉक्टर हैं। उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने के बाद यूपीएससी एग्जाम क्लियर किया था। वर्तमान में  मध्य प्रदेश सरकार के कृषि, बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण विभागों के प्रधान सचिव हैं।  इसके साथ ही उन्होंने झाबुआ में एडिशनल कलेक्टर के रूप में काम किया है। धार, बालाघाट, उज्जैन और इंदौर के कलेक्टर भी रह चुके हैं।

केंद्र में पदस्थ इन अधिकारियों के नाम भी रेस में
आईएएस अशोक वर्णवाल और केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत मनोज गोविल और पंकज अग्रवाल भी संभावित दावेदारों में शामिल हैं। इसके अलावा मनु श्रीवास्तव और नीरज मंडलोई के नाम भी चर्चा में हैं। फिलहाल नए मुख्य सचिव के नाम पर सरकार और संबंधित स्तर पर विचार-विमर्श जारी है। अंतिम निर्णय जल्द होने की संभावना है।

सेवा विस्तार की अटकलों पर पूर्ण विराम
अनुराग जैन का मुख्य सचिव के रूप में कार्यकाल अगस्त 2026 में समाप्त होना था। अब नीति आयोग का CEO नियुक्त किए जाने से उनके सेवा विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। पिछले कुछ दिनों से वल्लभ भवन में चर्चा थी कि राज्य सरकार उन्हें छह महीने का सेवा विस्तार दिला सकती है, लेकिन केंद्र सरकार के नए फैसले के बाद अब यह संभावना खत्म हो गई है।

 

IIT खड़गपुर से केंद्र तक प्रशासनिक सेवा का सफर
अनुराग जैन ने आईआईटी खड़गपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की पढ़ाई की है। प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव बनने से पहले अनुराग जैन केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव थे। वे भोपाल के कलेक्टर रहे और केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं।

Share