| |

अनुराधा पौडवाल से कैलाश विजयवर्गीय बोले- निमाड़ के लोग बड़े सुरीले: गाना गाया- हमें तुम से प्यार कितना..ये हम नहीं जानते; खूब हुई हूटिंग

बड़वानी। कानबाई महोत्सव के अवसर पर शनिवार रात खेतिया की कृषि उपज मंडी परिसर में भव्य भजन संध्या हुई। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। प्रसिद्ध भजन गायिका एवं पद्मश्री अनुराधा पौडवाल की प्रस्तुति ने माहौल भक्तिमय कर दिया।

अनुराधा पौडवाल ने माता रानी और भगवान श्रीकृष्ण के भजन प्रस्तुत किए। इसके साथ ही उन्होंने अपने लोकप्रिय फिल्मी गीत भी सुनाए। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंजता रहा।

विजयवर्गीय ने मंच से गाया गीत
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल हुए। उन्होंने मंच पर पहुंचकर खुद गीत गाया। विजयवर्गीय की प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। उत्साहित श्रोताओं ने हूटिंग कर उनका उत्साह बढ़ाया। मंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

जनप्रतिनिधियों की भी रही मौजूदगी
भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी शामिल हुए। भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे। देर रात तक कृषि उपज मंडी परिसर धार्मिक और उत्सवी माहौल में डूबा रहा।

Share