|

उत्तराखंड दौरे पर अमित शाह, हरिद्वार और ऋषिकेश में स्वास्थ्य व धार्मिक कार्यक्रमों में लेंगे भाग

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह हरिद्वार और ऋषिकेश में आयोजित कई महत्वपूर्ण धार्मिक, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अमित शाह का यह दौरा राज्य के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसमें अध्यात्म, स्वास्थ्य सेवाओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े आयोजन शामिल हैं।

ऋषिकेश में अमित शाह का कार्यक्रम

21 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ऋषिकेश पहुंचेंगे। दोपहर 2:45 बजे वह स्वर्गाश्रम स्थित गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक का विमोचन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

गीता प्रेस की ‘कल्याण’ पत्रिका दशकों से भारतीय संस्कृति, धर्म, अध्यात्म और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है। इस अवसर पर अमित शाह गीता प्रेस के ऐतिहासिक योगदान और इसके शताब्दी वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालेंगे।

हरिद्वार में अमित शाह का कार्यक्रम

22 जनवरी को अमित शाह हरिद्वार पहुंचेंगे। सुबह 10 बजे वह पतंजलि योगपीठ स्थित महर्षि दयानंद ग्राम में पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। इस अस्पताल के शुभारंभ से हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे गंभीर रोगियों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।

इसके बाद सुबह 10:45 बजे केंद्रीय गृह मंत्री गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचेंगे, जहां वह ‘अखंड ज्योति’ के दर्शन करेंगे और गायत्री परिवार के सदस्यों से संवाद करेंगे।

सुबह 11:15 बजे अमित शाह बैरागी द्वीप, हरिद्वार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह आयोजन परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और अखंड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गायत्री परिवार द्वारा किया जा रहा है। इस ‘शताब्दी वर्ष समारोह 2026’ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।

इस अवसर पर अमित शाह अपने विचार साझा करेंगे और गायत्री परिवार के सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक योगदान की सराहना करेंगे।

Share

Similar Posts