|

अमेरिका में सिख ट्रक ड्राइवर पर जानलेवा हमला: बाथरूम तक पीछा किया, फिर 17 बार चाकू मारा; पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

व्योमिंग। अमेरिका के व्योमिंग में पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमला किया गया। उनकी उम्र 28 साल है। हमलावर ने उन पर 17 बार वार किए। उनकी गर्दन, सीने, हाथ और पसलियों पर चोट आई है। घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने एंड्रयू क्रिस बजडैक को गिरफ्तार किया है। उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर की कोशिश का आरोप लगाया गया है।

हमले से कुछ दिन पहले अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने अप्रवासी ट्रक ड्राइवरों को लेकर एक विवादित पोस्ट शेयर किया था। इसमें ‘मिस्टर सिंह’ नाम का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट और चाकू से हुए हमले के बीच कोई संबंध नहीं बताया है। हमले की वजह भी अभी साफ नहीं है।

बाथरूम तक पीछा कर पहुंचा हमलावर
ड्राइवर ने अपनी पहचान सिर्फ सिंह सरनेम से बताई है। रविवार सुबह वह इंटरस्टेट-80 के कैबिटर क्रीक रेस्ट एरिया में रुके थे। बाथरूम जाने के दौरान एक व्यक्ति उनका पीछा करते हुए अंदर पहुंच गया। इसके बाद आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उसने लगातार कई वार किए।

सिंह ने बताया, “मैं बाथरूम की तरफ जा रहा था। तभी एक व्यक्ति मेरा पीछा करते हुए अंदर आ गया। उसने अचानक मुझ पर चाकू से हमला कर दिया। उसने एक-दो बार नहीं, बल्कि लगातार कई वार किए। मैं किसी तरह बाथरूम से बाहर निकला और मदद के लिए फोन किया। मेरी आवाज सुनकर वहां मौजूद एक हिस्पैनिक परिवार मेरी मदद के लिए पहुंचा। उन्होंने खून रोकने की कोशिश की। परिवार ने पुलिस को संदिग्ध के ट्रक के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने मुझे अस्पताल पहुंचाया।

मैं इस हिंसा से बेहद डरा हुआ हूं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि मुझे ही क्यों निशाना बनाया गया। मुझे नहीं पता कि ऐसा क्यों हुआ और उस व्यक्ति ने मुझ पर हमला क्यों किया।”

113 किमी दूर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
व्योमिंग हाईवे पेट्रोल ने रॉलिन्स के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोका। पुलिस ने आरोपी एंड्रयू क्रिस बजडैक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे घटनास्थल से करीब 113 किलोमीटर दूर पकड़ा।

हमले से पहले DHS ने किया था ‘मिस्टर सिंह’ पोस्ट
हमले से कुछ दिन पहले अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने 9 सितंबर को एक AI पोस्टर शेयर किया था। इसमें ‘मिस्टर सिंह’ नाम का इस्तेमाल करते हुए अप्रवासी ट्रक ड्राइवरों को अमेरिका की सड़कों से चले जाने का संदेश दिया गया था। पोस्ट में लोगों से अमेरिका छोड़ने की अपील भी की गई थी। अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है जिसमें इस पोस्ट को ट्रक ड्राइवर पर हुए हमले से जोड़ा गया हो।

भारतीय मूल के सांसद ने जताई चिंता
अमेरिकी कांग्रेस के भारतीय मूल के सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने घटना पर चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि व्योमिंग के रेस्ट स्टॉप पर एक सिख ट्रक ड्राइवर को 17 बार चाकू मारे जाने की घटना परेशान करने वाली है।

तीन साल से अमेरिका में ट्रक चला रहे हैं सिंह
सिंह करीब तीन साल से अमेरिका में ट्रक चला रहे हैं। उन्होंने NPR से कहा कि इस घटना के बाद लंबी दूरी के ट्रक चलाने वाले दूसरे पंजाबी सिख ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है।

अमेरिका में लंबी दूरी के ट्रक ड्राइवरों को कई घंटे और कई बार कई दिन तक सड़क पर रहना पड़ता है। इस दौरान वे हाईवे के रेस्ट एरिया और ट्रक स्टॉप पर आराम करते हैं। कई रेस्ट एरिया सुनसान जगहों पर होते हैं। ऐसे में ट्रक ड्राइवरों की सुरक्षा एक अहम मुद्दा बन जाती है।

Share