आज सुपुर्द-ए-खाक होंगे मेजर हमजा आरिफ: सड़क दुर्घटना में हुए शहीद; परिजन और नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि

इंदौर। जैसलमेर (राजस्थान) में सड़क दुर्घटना में शहीद हुए भारतीय सेना के मेजर हमजा आरिफ की पार्थिव देह शनिवार को इंदौर पहुंच गई। पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए सेफी नगर मस्जिद में रखा गया है, जहां बड़ी संख्या में परिजन, मित्र और नागरिक श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
सेफी नगर मस्जिद में अदा होगी नमाज
जनाजे की नमाज आज सेफी नगर मस्जिद में अदा की जाएगी। इसके बाद अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और इमली बाजार स्थित कब्रिस्तान में पूरे सम्मान के साथ मेजर हमजा आरिफ को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
ऊंट से कार टकराने से हुआ एक्सीडेंट
बात दें कि मेजर हमजा आरिफ राजस्थान के जैसलमेर में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। उनकी एसयूवी सड़क पर आए ऊंट से टकराकर पलट गई, जिसमें उनकी शहादत हो गई, जबकि दो अन्य सैन्य अधिकारी घायल हुए हैं। इस दुखद घटना से इंदौर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।