पश्चिम एशिया संकट के बीच Air India की बड़ी पहल, आज 32 उड़ानों का संचालन

नई दिल्ली से मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज (26 मार्च) कुल 32 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करने का फैसला किया है।
एयर इंडिया द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों एयरलाइंस मिलकर पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन जारी रखेंगी। जेद्दाह के लिए सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी, जहां भारत और जेद्दाह के बीच कुल 10 उड़ानें संचालित की जाएंगी। इनमें एयर इंडिया दिल्ली से एक और मुंबई से दो वापसी सेवाएं संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस कोझिकोड और मंगलौर से उड़ानें संचालित करेगी।
इसके अलावा, मस्कट से आने-जाने वाली चार निर्धारित उड़ानें भी चलाई जाएंगी, जिनमें दिल्ली और मुंबई से सेवाएं शामिल हैं। रियाद के लिए भी दोनों एयरलाइंस द्वारा कुल 6 उड़ानों का संचालन किया जाएगा, जिनमें कोझिकोड से दो और दिल्ली-मुंबई से चार उड़ानें शामिल हैं।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि निर्धारित सेवाओं के अलावा संयुक्त अरब अमीरात से आने-जाने वाली 12 अतिरिक्त गैर-निर्धारित उड़ानें भी संचालित की जाएंगी। हालांकि, इन उड़ानों का संचालन स्लॉट उपलब्धता और स्थानीय परिस्थितियों पर निर्भर करेगा तथा संबंधित नियामक प्राधिकरणों से अनुमति मिलने के बाद ही इन्हें संचालित किया जाएगा।
एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें, क्योंकि मौजूदा हालात के चलते उड़ानों के समय और संचालन में बदलाव संभव है।






