पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का निधन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने व्यक्त किया शोक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का आज लातूर में निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। श्री पाटिल ने आज सुबह साढ़े छह बजे अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर फैल गई है।
अपने लंबे राजनीतिक जीवन में शिवराज पाटिल ने लोकसभा अध्यक्ष और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों सहित कई प्रमुख पदों पर कार्य किया। वे लातूर निर्वाचन क्षेत्र से सात बार लोकसभा के लिए चुने गए थे और अपने प्रभावशाली नेतृत्व के लिए जाने जाते थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने श्री पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने कहा कि पाटिल ने लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल और सांसद सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। प्रधानमंत्री ने उन्हें एक अनुभवी और समाजसेवी नेता बताया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने कहा कि श्री पाटिल का निधन देश के सार्वजनिक और संसदीय जीवन के लिए एक बड़ी क्षति है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें गरिमामय और सुसंस्कृत नेता बताते हुए उनकी राजनीतिक उपलब्धियों को सराहा।
शिवराज पाटिल का योगदान न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के राजनीतिक और संसदीय जीवन में अमूल्य रहा है। उनके नेतृत्व और समर्पण की यादें हमेशा देशवासियों के दिलों में जीवित रहेंगी।





