|

शिवसेना पदाधिकारियों ने तुकोगंज थाने पर सौंपा ज्ञापन, झूठी शिकायत करने वाले पूर्व पदाधिकारी पर कार्रवाई की मांग

इंदौर। शिवसेना मध्यप्रदेश के पदाधिकारियों ने आज तुकोगंज थाने पर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें रतलाम जिले के शांतिलाल मालवीय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शांतिलाल मालवीय, जो पूर्व में शिवसेना मध्यप्रदेश के रतलाम जिला प्रमुख थे, उन्होंने व्यापारियों, ग्रामीणों और नागरिकों के विरुद्ध झूठी व भ्रामक शिकायतें दर्ज कर पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।

शिवसेना पदाधिकारियों ने बताया कि शांतिलाल मालवीय की इन हरकतों से न केवल पार्टी की साख को ठेस पहुंची, बल्कि कई निर्दोष लोगों को मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया गया। पार्टी कार्यालय इंदौर और भोपाल में इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, शिवसेना मध्यप्रदेश ने 6 नवम्बर 2025 को उन्हें पद और पार्टी से निष्कासित कर दिया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना मध्यप्रदेश प्रभारी सुरेश गुर्जर और प्रदेश प्रमुख राजीव चतुर्वेदी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने मांग की कि पुलिस शांतिलाल मालवीय के विरुद्ध जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति संगठन की गरिमा के साथ खिलवाड़ न कर सके।

Share

Similar Posts