सम्राट राणा ने आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप 2025 में जीता स्वर्ण, व्यक्तिगत एयर पिस्टल खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने

भारत के प्रतिभाशाली निशानेबाज सम्राट राणा ने इतिहास रचते हुए मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप 2025 में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। राणा ने फाइनल में 243.7 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया और यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय निशानेबाज बन गए। भारत के वरुण तोमर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
क्वालीफिकेशन राउंड में भी राणा और तोमर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था, दोनों ने 586-586 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसके अलावा, सम्राट राणा ने वरुण तोमर और श्रवण कुमार के साथ मिलकर भारत को पुरुषों की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई।
राणा अब उन चुनिंदा भारतीय निशानेबाजों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने ओलंपिक स्पर्धा में विश्व खिताब जीता है। इससे पहले यह उपलब्धि अभिनव बिंद्रा, रुद्राक्ष पाटिल, तेजस्विनी सावंत, शिव नरवाल और ईशा सिंह की जोड़ी को मिली थी।
महिला वर्ग में मनु भाकर भले ही व्यक्तिगत पदक से चूक गईं, लेकिन उन्होंने ईशा सिंह और सुरुचि सिंह के साथ मिलकर महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। अब तक भारत के कुल 9 पदक हो चुके हैं — जिनमें 3 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत चीन (12 पदक) के बाद दूसरे स्थान पर है।






