प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 नवंबर से भूटान की दो दिवसीय यात्रा पर, उद्घाटन करेंगे 1020 मेगावाट जलविद्युत परियोजना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 नवंबर से भूटान की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। यह दौरा भारत और भूटान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक संयुक्त रूप से 1020 मेगावाट की पुनात्सांगछू-II जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिसे दोनों देशों ने मिलकर विकसित किया है।
यह परियोजना भारत-भूटान ऊर्जा सहयोग की एक प्रमुख उपलब्धि है, जो न केवल भूटान की बिजली आपूर्ति को बढ़ाएगी बल्कि भारत के साथ उसके ऊर्जा निर्यात को भी मज़बूत करेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना दक्षिण एशिया में सतत विकास और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान भूटान के चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक की 70वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भी शामिल होंगे। इसके अलावा, वे भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा, ऊर्जा और तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
श्री मोदी वैश्विक शांति प्रार्थना समारोह में भाग लेंगे और थिम्पू स्थित ताशीछोद्ज़ोंग में पवित्र अवशेषों की पूजा-अर्चना करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत-भूटान संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ-साथ आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श का भी अवसर होगी।






