इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों का संचालन सामान्य, तकनीकी गड़बड़ी के बाद बहाली

नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर सभी उड़ानों का संचालन आज पूरी तरह सामान्य हो गया है। हवाई अड्डा प्रबंधन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अब सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तय समयानुसार संचालित हो रही हैं। यात्रियों को अपनी उड़ानों की ताज़ा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि कल हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी आने से उड़ानों के परिचालन में बाधा उत्पन्न हो गई थी। यह समस्या स्वचालित संदेश स्विचिंग प्रणाली (AMSS) में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई थी, जिससे उड़ान योजनाओं के संप्रेषण पर असर पड़ा।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने तकनीकी टीम की मदद से इस गड़बड़ी को दुरुस्त कर परिचालन को बहाल किया। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए प्रबंधन ने खेद जताया है और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।






