| | |

भारत-यूरोपीय संघ एफटीए वार्ता: नई दिल्ली में संपन्न हुई सात दिवसीय बातचीत, दोनों पक्षों ने जताई संतुलित समझौते की प्रतिबद्धता

नई दिल्ली, 7 नवम्बर 2025 — भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर महत्वपूर्ण वार्ता इस सप्ताह नई दिल्ली में संपन्न हुई। यूरोपीय संघ के वरिष्ठ वार्ताकारों का दल प्रस्तावित समझौते पर भारतीय समकक्षों के साथ विस्तृत चर्चा के लिए भारत पहुंचा था। यह वार्ता 3 नवम्बर से शुरू होकर एक सप्ताह तक चली

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, वार्ता के दौरान व्यापक, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते की रूपरेखा पर गहन विचार-विमर्श हुआ। चर्चाओं में वस्तुओं और सेवाओं का व्यापार, निवेश, सतत विकास, उत्पत्ति के नियम, और तकनीकी व्यापार बाधाएं जैसे कई अहम विषय शामिल रहे।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने इस दौरान यूरोपीय आयोग की व्यापार महानिदेशक सुश्री सबाइन वेयंड के साथ भी विस्तृत बैठक की। बैठक में वार्ता की प्रगति की समीक्षा की गई और दोनों पक्षों ने प्रमुख मुद्दों पर आगे बढ़ने की सहमति जताई।

श्री अग्रवाल ने कहा कि भारत संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी एफटीए के प्रति प्रतिबद्ध है, जो आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करते हुए सभी पक्षों के लिए न्यायसंगत लाभ सुनिश्चित करेगा। वहीं, यूरोपीय संघ की प्रतिनिधि सुश्री वेयंड ने भी भारत के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर बल दिया।

भारत और यूरोपीय संघ के बीच एफटीए को लेकर यह वार्ता वैश्विक स्तर पर दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापारिक सहयोग को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।

Share

Similar Posts