फिलीपीन में कालमेगी तूफान का कहर, 114 की मौत और सैकड़ों लापता

फिलीपीन में आए भीषण ‘कालमेगी’ तूफान ने भारी तबाही मचाई है। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने आज इस वर्ष के सबसे विनाशकारी तूफान से हुई तबाही के बाद राष्ट्रीय आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी। अधिकारियों के अनुसार, अब तक कम से कम 114 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि सैकड़ों लोग अभी भी लापता हैं।
देश के सबसे घनी आबादी वाले केंद्रीय द्वीप सेबू पर तूफान का सबसे ज्यादा असर हुआ है, जहाँ घरों, सड़कों और बिजली आपूर्ति तंत्र को गंभीर नुकसान पहुँचा है। हजारों घर तबाह हो गए हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
नागरिक सुरक्षा कार्यालय ने बताया कि इस आपदा से करीब 20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 5.6 लाख से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया गया है। तूफान अब फिलीपीन द्वीपसमूह को पार कर दक्षिण चीन सागर की ओर बढ़ चुका है, लेकिन राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी हैं।
सरकार ने राहत शिविर स्थापित किए हैं और सेना को बचाव अभियानों में लगाया गया है। अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी मानवीय सहायता भेजने की पेशकश की है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे तक तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना बनी रहेगी।






