फिलीपींस में कालमेघी तूफान से भारी तबाही, 40 की मौत और हज़ारों बेघर

फिलीपींस में इस साल के सबसे शक्तिशाली तूफानों में से एक कालमेघी तूफान (Typhoon Kalmeghi) ने भारी तबाही मचाई है। तूफान के कारण अब तक लगभग 40 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हज़ारों लोग अपने घरों से पलायन कर चुके हैं। कई इलाकों में बाढ़ और तेज़ हवाओं से तबाही का आलम है।
कालमेघी ने विशेष रूप से सेबू द्वीप और मध्य फिलीपींस के आसपास के क्षेत्रों को सबसे ज़्यादा प्रभावित किया है। सेबू शहर के कई हिस्से पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग छतों पर फंसे हुए दिख रहे हैं, जबकि गाड़ियां, ट्रक और कंटेनर सड़कों पर बहते नज़र आ रहे हैं।
राहत कार्यों में जुटे सैन्य बलों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। राहत अभियान के दौरान उत्तरी मिंडानाओ द्वीप पर एक सैन्य हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से चालक दल के 6 सदस्यों की मौत हो गई। यह हेलिकॉप्टर अगुसान डेल सूर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। बताया गया है कि यह चार विमानों के उस दल का हिस्सा था जिसे प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुँचाने भेजा गया था।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, तूफान का स्थानीय नाम “टिनो” रखा गया है। हालांकि यह अब कुछ कमजोर हुआ है, लेकिन अब भी 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 24 घंटे तक तेज़ बारिश और भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।
सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में आपातकाल घोषित कर दिया है। राहत और बचाव कार्यों के लिए सैकड़ों सैन्यकर्मी, स्थानीय स्वयंसेवक और एनजीओ कार्यरत हैं। फिलीपींस हर साल औसतन 20 से अधिक तूफानों की चपेट में आता है, लेकिन इस बार का कालमेघी तूफान अब तक का सबसे विनाशकारी साबित हो रहा है।






