|

सऊदी अरब में भारतीय दूतावास के प्रवासी परिचय के तीसरे संस्करण का भव्य समापन

रियाद, 4 नवंबर 2025।
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित प्रवासी परिचय के तीसरे संस्करण का समापन “गीता महोत्सव – एक संगीत” की भव्य प्रस्तुति के साथ हुआ। 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चले इस सांस्कृतिक उत्सव में भारत की विविध परंपराओं — शास्त्रीय नृत्य, संगीत, लोककला और पाक कला — का मनमोहक प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विदेश राज्यमंत्री श्री कीर्ति वर्धन सिंह के बधाई वीडियो संदेश से हुई। वहीं, पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार विजेता श्रीमती प्रतिभा प्रह्लाद ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे उत्सव की शोभा और बढ़ गई।

भारतीय राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान ने कहा कि “गीता महोत्सव” भारतीय प्रवासियों को भारत की सभ्यतागत विरासत से जोड़ने वाले गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक बंधनों को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव गीता में निहित सद्भाव, कर्तव्य और निस्वार्थ कर्म के संदेश को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करता है।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 के महोत्सव का उल्लेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में भी किया था। इस वर्ष के आयोजन में सऊदी अरब में बसे भारतीय समुदाय ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रवासी संगठनों ने सप्ताहभर चले इस उत्सव में प्रदर्शनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में अहम भूमिका निभाई।

Share

Similar Posts