सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने आकाशवाणी भवन में स्वच्छता शपथ का नेतृत्व किया

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2025
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में स्वच्छता शपथ का नेतृत्व किया। यह आयोजन ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत चल रहे विशेष अभियान के पांचवें चरण के तहत आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंत्रालय और उसके विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
श्री मुरुगन ने आकाशवाणी भवन स्थित बापू स्टूडियो में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा उसके अधीन संस्थानों द्वारा कार्यस्थलों की सफाई, कचरे की पहचान और निपटान, जगह खाली करने और रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से न केवल स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिला है, बल्कि कार्यालयों की दक्षता में भी वृद्धि हुई है।
मंत्री ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का मूल उद्देश्य साफ-सुथरे और संगठित कार्य परिवेश का निर्माण करना है। उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जन की आदत बनाने में योगदान दें।
इस अवसर पर श्री मुरुगन ने परिसर में एक पौधा रोपित किया और आकाशवाणी भवन का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ‘स्वच्छ भारत’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






