|

इंदौर में 1 नवंबर को उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, लता मंगेशकर सभागृह में होगा मुख्य समारोह

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस इस वर्ष 1 नवंबर को इंदौर जिले में उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह लता मंगेशकर सभागृह, राजेंद्र नगर में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक गतिविधियों और उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

इस आयोजन की तैयारियों को लेकर आज कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने सभी विभागों को आयोजन में पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर वर्मा ने बताया कि जिले में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को प्रमुख शासकीय भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा भी की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए। कलेक्टर ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिले के सभी शासकीय हॉस्टलों और आश्रमों में बच्चों को स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए अभियान चलाकर निरीक्षण किया जाएगा और एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र का जिम्मा सौंपा गया है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य, श्रीमती निशा डामोर, और स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर वर्मा ने आगे कहा कि नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एवं औषधि उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में मिलावटखोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को लगातार जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share

Similar Posts