प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली से करेंगे ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना’ और ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित पूसा परिसर से प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का शुभारंभ करेंगे।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि ये दोनों पहलें देश को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत सरकार 100 कम उत्पादकता वाले जिलों की पहचान करेगी और उनकी उत्पादकता बढ़ाने के लिए लक्षित उपाय लागू करेगी।
शिवराज सिंह चौहान ने दूरदर्शन समाचार से बातचीत में बताया कि इन जिलों के किसानों को सिंचाई सुविधाओं में सुधार, आसान ऋण उपलब्धता और तकनीकी सहायता का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यदि इन जिलों की उत्पादकता को राष्ट्रीय औसत के बराबर लाया गया, तो देश का कुल कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि भारत दालों का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता होने के साथ-साथ सबसे बड़ा आयातक भी है।
इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ शुरू किया है, जिससे देश में दाल उत्पादन, उत्पादकता और खेती का रकबा बढ़ाया जा सके।






