ट्रम्प ने पहली नवंबर से अमरीका आने वाले सभी ट्रकों पर 25% शुल्क लगाने की घोषणा की

वॉशिंगटन। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि पहली नवंबर से अमरीका में प्रवेश करने वाले सभी ट्रकों पर 25 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया जाएगा। यह फैसला अमरीका के घरेलू परिवहन और विनिर्माण क्षेत्र पर व्यापक प्रभाव डाल सकता है।
अमरीका में लगभग 73 प्रतिशत घरेलू माल ढुलाई ट्रकों के माध्यम से की जाती है। ऐसे में इस निर्णय से परिवहन लागत बढ़ने और आयातित वाहनों की कीमतों में इज़ाफा होने की संभावना जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से मैक्सिको, कनाडा, जापान, जर्मनी और फिनलैंड जैसे देशों पर सीधा असर पड़ेगा, क्योंकि ये देश अमरीका को भारी मात्रा में ट्रक और ऑटो पार्ट्स निर्यात करते हैं।
फिलहाल, जापान और यूरोपीय संघ के साथ मौजूदा व्यापार समझौतों के तहत अमरीका हल्के-माल वाहक वाहनों पर 15 प्रतिशत शुल्क लगाता है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रम्प के नए आदेश के बाद भारी वाहनों पर भी यही दर लागू होगी या नहीं।






