आज काहिरा में हमास, इस्राइल और अमेरिका के बीच वार्ता

अमेरिकी प्रस्ताव के तहत ग़ज़ा में युद्धविराम समझौते को अंतिम रूप देने के लिए आज हमास, इस्राइल और अमेरिका के प्रतिनिधि मिस्र की राजधानी काहिरा में बातचीत करेंगे।
मिस्र के विदेश मंत्रालय के अनुसार, चर्चा का मुख्य विषय फ़लस्तीनियों के कैदियों के बदले इस्राइली बंधकों की रिहाई होगा।
गत 24 घंटों में गज़ा में इस्राइल के हमलों में 70 फ़लस्तीनी मारे गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने बताया कि इस्राइल ने शांति योजना लागू करने के लिए बमबारी अस्थायी रूप से रोकी है।
इस बीच, लंदन पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित समूह ‘फलस्तीन एक्शन’ के लगभग 500 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। कल यूरोप में फलस्तीन समर्थक रैलियों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और युद्ध समाप्त करने व मानवीय सहायता के लिए कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग की।





