ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे से प्रभावित परिवारों से मिले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

खंडवा जिले की पंधाना तहसील के ग्राम जामली राजगढ़ में हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गांव पहुँचे और हादसे में शोक संतप्त परिवारों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने हादसे के रेस्क्यू ऑपरेशन में सराहनीय भूमिका निभाने वाले ग्रामीणों की सराहना करते हुए उन्हें 51-51 हजार रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी आदेश दिए कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए घटनास्थल पर घाट निर्माण कराया जाए।

डॉ. यादव ने बताया कि मृतकों के निकटतम परिजनों को गुरुवार को ही 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के आदेश दिए जा चुके हैं। साथ ही अब गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपये की मदद प्रदान करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर स्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें न्याय व सहायता उपलब्ध कराएगी।







