| |

इंदौर में रिनोवेशन के दौरान दीवार गिरी: मलबे में दबने से महिला की मौत; फिनिक्स मॉल के पास गार्डन का हादसा 

इंदौर । फिनिक्स मॉल के पास एक गार्डन में रिनोवेशन (नवीनीकरण) का काम चल रहा था, जिसके दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक एक दीवार भरभरा कर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक महिला मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका देवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
दीवार के मलबे में दबे मजदूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय दोनों मजदूर गार्डन में निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। अचानक दीवार गिरने से वे मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में मृतका की पहचान 35 से 38 वर्षीय सावित्रीबाई के रूप में हुई है, जबकि घायल होने वाले उनके देवर का नाम दिनेश सोलंकी है। दोनों मजदूर मूल रूप से मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कनाड़िया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के बाद मृतका के शव को अपने कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, घायल दिनेश सोलंकी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस अधिकारियों का बयान
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए इंदौर के एडिशनल डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Share