इंदौर के मनिंदर ठाकुर बने आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रांतीय सचिव: बोले- सबके हित के लिए काम करेंगे; शिक्षकों ने दी बधाई

इंदौर/भोपाल। आजाद अध्यापक शिक्षक संघ मध्य प्रदेश की प्रांतीय इकाई का विस्तार करते हुए इंदौर के माध्यमिक शिक्षक मनिंदर सिंह ठाकुर को संगठन का नया प्रांतीय सचिव नियुक्त किया गया है।
संघ के प्रांताध्यक्ष भरत पटेल ने इस संबंध में आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी करते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि वे संघ के नियमों और गरिमा का पालन करते हुए संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
इस नई नियुक्ति की आधिकारिक सूचना मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव, लोक शिक्षण आयुक्त भोपाल, इंदौर संभागायुक्त, इंदौर कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी तथा संबंधित संकुल प्राचार्य को आवश्यक अभिलेख और जानकारी हेतु प्रेषित कर दी गई है।
संघ पदाधिकारियों ने जताई खुशी
मनिंदर सिंह ठाकुर के प्रांतीय सचिव बनने से धार नाका संकुल के शिक्षकों और स्थानीय संघ पदाधिकारियों को काफी खुशी है। नियुक्ति के उपरांत सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में सैकड़ों शिक्षकों ने उनका अभिनंदन किया।
स्कूल के प्राचार्य नहीं हुए शामिल
इस अवसर पर सामरिया प्राइमरी स्कूल के योगेश शर्मा, कन्या स्कूल के कमल राणे, संजय भार्गव, मुख्तियार अहमद, विवेक जैन, अवधेश तिवारी, संदीप राव, हरेन्द्र सिंह तोमर, मंजू तिवारी, कीर्तिबाला प्रजापति एवं मोनिका सोनी सहित बड़ी संख्या में अध्यापक उपस्थित रहे। वहीं इस कार्यक्रम में सांदीपनि मॉडल स्कूल के प्राचार्य मनोज सोनी का स्कूल कैंपस में मौजूद रहने के बावजूद समारोह में शामिल न होना दिनभर शिक्षकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
शिक्षकों के अधिकारों के लिए काम करेंगे
स्वागत समारोह के बाद नवनियुक्त प्रांतीय सचिव मनिंदर सिंह ठाकुर ने सभी शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका संगठन अध्यापकों एवं शिक्षकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।